सुंदरनगर: सुंदरनगर में एक पुलिस कांस्टेबल की ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार चार आईआरबीएन बटालियन के कांस्टेबल सुशील कुमार (26) बीएसएल परियोजना के सलापड़ स्थित डैहर पावर हाउस की सुरक्षा में डयूटी पर था। सुबह जब उसके स्थान पर डयूटी देने के लिए एक अन्य पुलिस जवान आया तो उसने सुशील कुमार को लहूलुहान पाया।
मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षा जवानों ने सुशील कुमार को निजी वाहन में उपचार के लिए सुंदरनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन सुशील कुमार की मौत हो गई थी। सुशील कुमार बिलासपुर जिला के जाबली गांव का रहने वाला था। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी गई है।