अंबिका/शिमला: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए गए विशेष प्रतिमा सफाई अभियान में भाग लिया तथा चौड़ा मैदान में स्थापित संविधान निर्माता डा. बी.आर. अम्बेदकर की प्रतिमा की सफाई की।
बाद में, मुख्यमंत्री ने रिज में स्थापित महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और श्रीमती इन्दिरा गांधी, हिमाचल निर्माता व प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. परमार तथा ले. जनरल दौलत सिंह की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की।
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केन्द्र सरकार द्वारा दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिवस के अवसर पर शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य केवल महान नेताओं की प्रतिमाओं की साफ-सफाई करना ही नहीं बल्कि उनकी पवित्रता को बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को अपने आस-पास साफ-सफाई बनाए रखने का सन्देश देना भी है। उन्होंने कहा कि यह स्वच्छता अभियान न केवल हमारे आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखेगा बल्कि हमें बीमारियों से भी दूर रखेगा।