राज्य सरकार ने प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के विकास को दी शीर्ष प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

  • कारगिल युद्ध के नायक परमवीर चक्र विजेता विक्रम बत्रा की जयंती पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धाजंलि
  • धर्मशाला में कई पर्यटन योजनाएं चल रही है और रज्जू मार्ग का कार्य अगले वर्ष मई में होगा पूरा
  • हिमानी चामुण्डा रज्जू मार्ग बनाने के प्रयास जारी

रीना ठाकुर/कांगड़ा : लोगों से सरकार को अपना सक्रिय सहयोग देते रहने का मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आग्रह किया, जिससे कि राज्य में विकास की गति में कोई बाधा न आए। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर आज जिला कांगड़ा के धर्मशाला में प्रसिद्ध जोरावर मैदान में लाभार्थी सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने आज कारगिल युद्ध के नायक परमवीर चक्र विजेता विक्रम बत्रा की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धाजंलि भी अर्पित की। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व वाली सरकार जिसने अपने दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे कर दिए है को बधाई देते हुए कहा कि भारत को दुनिया के विकसित राष्ट्रों में से एक बनाने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार ने इन 100 दिनों में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि भारत एक गतिशील राष्ट्र के रूप में उभरे और हिमाचल प्रदेश की विकासात्मक जरूरतों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण और उदारतापूर्वक कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने का निर्णय केन्द्र सरकार की पहले 100 दिनों के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि है, इससे देश को एक राष्ट्र एक संविधान का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि चन्द्रयान-2 ने भी यह सुनिश्चित किया है कि विश्व समुदाय भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्वीकार करे।

जय राम ठाकुर ने कहा कि केन्द्र सरकार की जनधन योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि योजना, उज्ज्वला योजना आदि योजनाएं नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई थी, जो नए भारत को विकसित करने में मील का पत्थर साबित हुई है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने आयुष्मान भारत में छूटे 22 लाख लोगों को स्वास्थ्य बीमा प्रदान करने के लिए हिमकेयर योजना भी आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि अभी तक इस योजना के तहत 37000 लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं। इसी प्रकार राज्य सरकार ने उज्ज्वला योजना से छूटे परिवारों के लिए गृहिणी सुविधा योजना आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को जल्द से जल्द से धुंआ रहित बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार सभी छोटे व्यापारियों को पेंशन प्रदान करने के अलावा सभी किसानों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन परिवारों को जिनमें गम्भीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति हैं को राहत देने के लिए प्रदेश में ‘सहारा योजना’ आरम्भ की गई है, जिसके तहत मरीज़ को बेहतर देखभाल उपलब्ध करवाने के लिए 2000 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कार्यभार सम्भालने के उपरान्त प्रथम दिन ही वृद्धावस्था पेंशन को बिना किसी आय सीमा के 80 वर्ष से घटाकर आयु सीमा को 70 वर्ष कर दिया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिमला के आईजीएमसी में किडनी प्रत्यारोपण की सुविधा प्रदान करने में सफल रही है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा के विकास को शीर्ष प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में कई पर्यटन योजनाएं चल रही है और रज्जू मार्ग का कार्य अगले वर्ष मई में पूरा हो जाएगा तथा हिमानी चामुण्डा रज्जू मार्ग बनाने के प्रयास जारी है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष 7, 8 नवम्बर को आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेटर्ज मीट के लिए धर्मशाला को चयनित किया गया है। 

  • सात दशकों से भारत प्रगति के पथ पर अग्रसर : शांता कुमार

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा कि लाखों लोगों ने विदेशी राज से राष्ट्र को स्वतंत्र करवाने के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए हैं। उन्होंने कहा कि सात दशकों से भारत प्रगति के पथ पर अग्रसर है लेकिन बहुत कुछ और भी किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी सरकार ने स्वतंत्रता सैनानियों के एक राष्ट्र, एक संविधान और एक ध्वज के स्वप्न को सच कर दिखाया है।

  • केन्द्र सरकार का प्रधानमंत्री मोदी के करिश्माई नेतृत्व में दूसरा कार्यकाल उपलब्धियों भरा : मंगल पाण्डे

राज्य भाजपा के प्रभारी और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डे ने कहा कि केन्द्र सरकार ने आज अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे कर लिए है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में दूसरा कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है, जिससे भारत पुनः विश्व गुरू के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वर्णिम हिमाचल के लक्ष्य की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने अनुच्छेद 370 और 35 ‘ए’ को समाप्त कर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है जिससे कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया जा सके।

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *