प्रदेश में चलेगा 9 से 16 अगस्त “मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान” : शिक्षा मंत्री

प्रदेश में चलेगा “मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान” : शिक्षा मंत्री

रीना ठाकुर/शिमला:प्रदेश सरकार राज्य में विद्यमान प्राकृतिक सौन्दर्य व वन आवरण में वृद्धि तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड, शिक्षा विभाग तथा वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 9 से 16 अगस्त, 2019 तक ‘मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान’ में स्कूली छात्रों को शामिल कर प्रदेश भर के विद्यालयों में पौधरोपण किया जाएगा।

यह बात शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज यहां प्रदेश के सभी ज़िलों के प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं तथा उनके योगदान के बिना राष्ट्र निर्माण संभव नहीं है। आज जहां पूरा विश्व ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से निपटने के उपायों पर कार्य कर रहा हैं, वहीं सभी लोगों विशेषकर बच्चों का इस समस्या के निवारण में शामिल होना बेहद आवश्यक हो जाता है।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सदैव वन आवरण को महत्वता दी गई है तथा प्रदेशवासी भी वन सम्पदा को बहुमूल्य मानते हैं। प्रदेश सरकार ने वन कटान पर प्रतिबन्ध लगाया है तथा हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत गैस कनैक्शन उपलब्ध करवाकर भी पेड़ों के कटान में कमी आई है। पौध रोपण अभियान में वन विभाग के अधिकारी सम्बन्धित क्षेत्र के अनुसार पौधों के चयन में सहायता प्रदान करेंगे तथा विद्यार्थियों को वनों तथा पर्यावरण की महत्त्वता के बारे में शिक्षित करेंगे। अभियान के दौरान प्रत्येक प्राथमिक व माध्यमिक पाठशाला में 5-5 पौधे व उच्च तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में 10-10 पौधे रोपित किए जाएंगे। इन पौधों के संरक्षण पर भी विशेष बल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस माह वन महोत्सव के माध्यम से पूरे प्रदेश में लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने का आग्रह किया है। इसी उद्देश्य के लिए 9 अगस्त, 2019 को जिला ऊना की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोह से मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान आरम्भ किया जा रहा है। इस अभियान का समापन 17 अगस्त, 2019 को मुख्यमंत्री द्वारा जिला कांगड़ा के धर्मशाला में किया जाएगा। इस अभियान से छात्रों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाएगा। प्रदेश की सभी पाठशालाएं हरित होंगी, शिक्षा के लिए स्वास्थ्य वातावरण सृजित होगा तथा विद्यार्थियों में श्रम की भावना पैदा होगी।

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *