रीना ठाकुर/ शिमला: मेघालय विधान सभा के उपाध्यक्ष टिमोथी डी शिरा ने विधान सभा सचिवालय में हिमाचल प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल से शिष्टाचार भेंट कर ई-विधान प्रणाली पर चर्चा की। टिमोथी के साथ मेघालय विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों का एक दल भी ई-विधान प्रणाली को जानने के लिए हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिवालय पहुंचा। बैठक के दौरान ई-विधान प्रणाली की जानकारी देते हुए विधान सभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने कहा कि ई-विधान प्रणाली एक पर्यावरण मित्र प्रणाली है जिसके लागू होने से जहां कार्य में दक्षता आई है वहीं पारदर्शिता भी बढी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मिशन डिजिटल इंडिया को साकार व सफल बनाने के लिए आज पूरे भारतवर्ष में लगभग सभी विधान सभाओं में हिमाचल प्रदेश के ई-विधान मॉडल को अपनाने के लिए अधिसूचना जारी की गई है।