शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर की अध्यक्षता में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं विधायकों ने आज यहां राजभवन में राज्यपाल आचार्य देवव्रत से भेंट की। इस अवसर पर राठौर ने राज्यपाल की उनके कार्यकाल के दौरान निष्पक्ष कार्यप्रणाली की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान सभी दलों ने उनका सहयोग किया और सामाजिक सरोकार के उनके बिन्दुओं को प्रदेश में प्रभावी तौर पर कार्यान्वित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि यह पहाड़ी प्रदेश साक्षरता में देशभर में अव्वल है और यहां के लोग विनम्र व शालीन हैं। उन्होंने प्राकृतिक कृषि के अपने महत्वपूर्ण प्रकल्प में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रदेश हित में यह कृषि पद्धति आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने पुनः सभी दलों का आह्वान किया कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए मिलजुल कर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली तथा कहा कि एक अनुभवी व बुजुर्ग की तरह उन्हें उनसे अपनापन व सहयोग मिला है।