नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने से हिमाचल का गौरव बढ़ा: जयराम

  • जे.पी. नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से हिमाचल प्रदेश के लोगों को बड़ा सम्मान मिला

शिमला: भाजपा के हाल ही में नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी देश के लोगों का विश्वास जीतने के साथ-साथ सशक्त एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए अपना योगदान देती रहेगी। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां भाजपा मुख्यालय ‘दीप कमल’ में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए यह बात कही

मुख्यमंत्री ने कहा कि जे.पी. नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से हिमाचल प्रदेश के लोगों को बड़ा सम्मान मिला है। यह लगभग 70 लाख की आबादी वाले छोटे से राज्य के लिए गौरव की बात है कि नड्डा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नड्डा बहुत अनुभवी हैं जिन्होंने पार्टी और सरकार में विभिन्न स्तरों पर अपनी सेवाएं दी हैं। वह आरम्भ में विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष रहे और बाद में प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा उसके उपरान्त वन, पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री बने। उन्होंने केन्द्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर भी अपनी सराहनीय सेवाएं दी और भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य भी हैं, जो पार्टी की सर्वाच्च समिति है।

उन्होंने कहा कि एक ओर नड्डा को यह बड़ा उत्तरदायित्व सौंपा गया है तो दूसरी ओर प्रदेश के सांसद अनुराग ठाकुर को केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में राज्य मंत्री बनाया गया है। इससे आने वाले समय में प्रदेश को बहुत लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के साथ टेलीविजन के माध्यम से भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का शपथ ग्रहण समारोह भी देखा।

सतपाल सिंह सत्ती का कहना था कि यह प्रदेश के लोगों के लिए गरिमापूर्ण बात है कि एक पार्टी कार्यकर्ता से जे.पी. नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंचे हैं।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *