अब कांग्रेस को गांधी परिवार से मुक्त होने की जरूरत : जयराम

शिमला : लोकसभा चुनावों के परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी को मिले अभूतपूर्व एवं अप्रत्याशित जीत की बधाई देने के लिए आज यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भारी संख्या में लोगों ने भेंट की और उन्हें इस शुभ अवसर पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह लोगों की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों में मतदान के लिए जो उत्साह देखने को मिला उसके लिए सभी प्रदेशवासी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत केन्द्र सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों पर लोगों की आस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में कुल मतदान का 69 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हुए जो देश भर में सर्वाधिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने अपने पांच साल के कार्यकाल में महिलाओं, गरीबों, पिछड़े वर्गों, किसानों तथा समाज के उपेक्षित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक जन हितैषी योजनाएं लागू की हैं, जो कांग्रेस पार्टी के लगभग छः दशक के कार्यकाल पर भारी पड़ा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार भविष्य में और भी अधिक निष्ठा व समर्पण की भावना से कार्य कर लोगों की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं पर खरा उतरेगी।

लोकसभा चुनावों में प्रदेश में मिली भाजपा को शानदार जीत पर आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर उन्होंने हिमाचल में भाजपा को रिकॉर्ड बढ़त देने के लिए मतदाताओं का धन्यवाद किया और कहा कि इस चुनाव में कुछ ऐसी बातें हुईं है जो इतिहास बनकर रहेंगी। ये लोकसभा चुनाव सबसे लंबा चला। हिमाचल के इतिहास में आज तक के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत हासिल किया। हिमाचल के 68 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को बढ़त मिली है जो पहली बार ही हुआ है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की जीत से कांग्रेस सदमे में है। कांग्रेस ने एग्जिट पोल में ही अपनी हार देख कर ई.वी.एम. को लेकर रोना शुरू कर दिया था। देश कांग्रेस मुक्त हो गया है अब कांग्रेस को गांधी परिवार मुक्त होने की जरूरत है क्योंकि राहुल गांधी अपनी परम्परागत सीट भी हार गए। पीएम मोदी सिर्फ देश के लिए काम करते हैं बाकी कुछ नहीं करते हैं। राष्ट्रवाद के नाम पर भाजपा जीती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में मात्र 27 फीसदी वोट मिले। रोहड़ू जैसे क्षेत्र से जहां लोकसभा चुनावों में कभी भाजपा को लीड नहीं मिली, इस मर्तबा वहां से भी भाजपा को बढ़त मिली है। भाजपा को सबसे ज्यादा लीड नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से 39 हजार की मिली और दूसरे स्थान पर सिराज 37 हजार व तीसरे नम्बर पर जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से मिली है। इसका श्रेय पीएम मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को जाता है। उन्होंने कहा कि 2019 की विजय के लिए भाजपा ने 2014 से ही काम शुरू कर दिया था। मोदी व अमित शाह की मेहनत रंग लाई, परिणामस्वरूप भाजपा प्रचंड बहुमत के आंकड़े तक पहुंची।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में 106 जनसभाएं मुख्यमंत्री के रूप में चुनाव के दौरान कीं। 15 माह की सरकार के दौरान बहुत कुछ समझा भी सुना भी, लेकिन जिन लोगों को यह गलतफहमी थी कि प्रदेश में वह ही हैं, वह जो बोलते हैं करते हैं वही होगा उन लोगों की गलतफमियां भी इन चुनावी परिणामों से दूर हुई हैं। सुखराम कहते थे कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को मंडी की सीट उनकी वजह से मिली तो फिर उनके पोते को मंडी से भी बढ़त क्यों नहीं मिल पाई।

कैबिनेट में बदलाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि दो मंत्री पद के स्थान खाली हैं उनको उचित समय पर भरा जाएगा। संगठन व नेताओं से बात करने के बाद निर्णय लिया जाएगा।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *