प्रधानमंत्री की रैली से मोदी लहर तेज़ : जयराम ठाकुर

शिमला:हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रधनामंत्री नरेन्द्र मोदी की मण्डी में सफल रैली ने प्रदेश में मोदी लहर को और तेज़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के चारों उम्मीदवारों को जबर्दस्त जनसमर्थन मिल रहा है। आने वाले दिनों में मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैलियों से कांग्रेस के बचे-खुचे तंबू भी उखड़ जाएंगे।हिमाचल की जनता को पता है कि केंद्र में मोदी सरकार रहेगी तभी प्रदेश की विकास योजनाओं को जारी रखा जा सकेगा। इसके अलावा कांग्रेस को हराने में उसकी अंदरूनी लड़ाई भी अपना किरदार अदा कर रही है। राहुल गांधी का ऊना दौरा भी कांग्रेस के दोनों गुटों के घमासान को ठंडा नहीं कर सका। जयराम ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह बात कही।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मण्डी में प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए अभूतपूर्व संख्या में लोग दूर-दूर से आए थे। इसमें महिलाओं और युवाओं की तादाद उल्लेखनीय थी। मोदी ने जब हिमाचल के साथ अपने भावनात्मक रिश्ते की याद दिलाई तो लोग भावुक हो गए। यह सब जानते हैं कि नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी रहते हुए हिमाचल के चप्पे-चप्पे को देखा है। उनका इस राज्य से विशेष लगाव है। इसीलिए उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद हिमाचल को प्राथमिकता के आधार पर आर्थिक सहायता दी गई। लेकिन तत्कालीन वीरभद्र सिंह सरकार ने उसे या तो फिजूलखर्ची में उड़ा दिया या फिर उसे खर्च करने के लिए योजनाएं ही नहीं बनाई।

मुख्यमंत्री का कहना है कि केंद्र में दस साल तक लगातार राज करने वाली कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को सहायता देने के मामले में भेदभाव का रवैया अपनाया। इस दौरान राज्य सरकार को आर्थिक सहायता देने की बजाय केंद्र ने विकास कार्यों में रूकावटें डाली। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य के लोगों की उम्मीदों पर मोदी सरकार खरी उतरी और उसमें हिमाचल के विकास को नई रफ्तार दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा सरकार ने समान रूप से विकास कार्य शुरू कराए। मोदी के “सबका साथ सबका विकास“ के नारे को हिमाचल ने अमलीजामा पहनाया। यही वज़ह है कि प्रदेश की जनता मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना चाहती है।

उनका कहना है कि आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जनसभाएं हिमाचल में कांग्रेस के बचे-खुचे तंबू भी उखाड़ देंगी। देश के विभिन्न राज्यों से नरेन्द्र मोदी को पिछले लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा समर्थन मिल रहा है। विपक्षी कांग्रेस इस के मुकाबले कहीं नहीं टिकती। जनता को किसी भी हालत में यह विश्वास नहीं हो रहा कि संसद में आंख मारने वाला नेता प्रधानमंत्री भी बन सकता है। जनता को मजबूत नेता की मजबूत सरकार चाहिए न कि छोटी-छोटी पार्टीयों की मिली-जुली खिचड़ी सरकार। इसलिए हिमाचल की जनता विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर अभूतपूर्व कार्य करने वाली मोदी सरकार को दुबारा सत्ता में बैठाना चाहती है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *