मंडी: बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, 6 लोगों की मौत

  • मुख्यमंत्री ने जताया दुर्घटना गहरा दुःख

मंडी :हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर उप तहसील में आज सुबह फागुनी बल्हरोपा के पास बोलेरो मैक्सी कैब के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कारण 6 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा पधर उपमंडल के अंतर्गत पधर-बल्ह- टिक्कर मार्ग पर फागनी (ठंडा मगरू) के पास हुआ है। जानकारी अनुसार सभी गाड़ी में सवार होकर आधार कार्ड अपडेट करवाने चौंतड़ा जा रहे थे कि रास्ते में हादसा हो गया। मैक्स कैब जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़क गई।

हादसा कैसे हुआ इसका अभी पता नहीं चल पाया है। इस घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरा क्षेत्र चीख पुकार से गूंज उठा। स्थानीय लोग भी घायलों की मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े। घटना का पता चलते ही पुलिस टीम और प्रशासनिक अमला घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने कहा कि शवों को खाई से निकाल लिया गया है। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू में साथ रहे।

एसडीएम पधर डॉ. विशाल शर्मा भी प्रशासनिक अमले सहित घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल पधर में भर्ती कराया है।तकों की पहचान शिवानी (14) पुत्री खेम सिंह निवासी सुराहण पधर (शिवानी अपने नाना के पास सुसंग गांव में रहती थी) लज्जी देवी (45) पत्नी रूप लाल, रूप लाल (48) पुत्र शुंकु राम निवासी वारला बल्ह, फीथू राम (60) पुत्र घेसू राम निवासी सुसंग सतनोग, जेठी देवी (45) पत्नी राजेश कुमार उर्फ राजू निवासी सुसंग सतनोग की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुन्नी देवी (55) पत्नी मोहन सिंह ने मंडी अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। घायलों में पवन, अनिता, कुशल, उर्मिला और मोहन सिंह शामिल हैं। घायलों में वाहन चालक पवन कुमार (30) पुत्र संत राम निवासी कलौण पधर, खुशहाल (12) पुत्र खेम सिंह, अनिता देवी (16), उर्मिला देवी (17) दोनों पुत्री खेम सिंह निवासी सुराहण पधर, मोहन सिंह (60) पुत्र दिलू निवासी सुसंग सतनोग शामिल हैं। नागरिक अस्पताल पधर से गंभीर रूप से घायल उर्मिला देवी, खुशहाल और अनिता को मंडी रेफर कर दिया है। जबकि घायल पवन और मोहन सिंह का पधर अस्पताल में उपचार चल रहा है जिनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वहीं मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सुबह मंडी जिले के पधर उप तहसील में फागुनी बल्हरोपा के पास बोलेरो मैक्सी कैब के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के पर लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में अन्य लोगों के घायल होने का भी समाचार है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवदेना व्यक्त करते हुए, मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पीड़ितों के परिजनों को तत्काल राहत प्रदान करने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *