अब वॉर रूम के माध्यम से होगा फेसबुक और ट्विटर पर कांग्रेस पार्टी का प्रचार

शिमला: कांग्रेस पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में वॉर रूम बनाया गया है। कांग्रेस के स्टेट वॉर रूम से जिला और बूथ स्तर के पदाधिकारी जोड़े गए हैं। स्टेट वॉर रूम तीन शिफ्टों में 24 घंटे काम करेगा। इसमें नौ कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। जिलों में दो-दो और बूथ स्तर पर एक-एक पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वॉर रूम में सात कंप्यूटर सिस्टम और चार एलईडी स्क्रीनें लगाई गई हैं। नेशनल वॉर रूम से जुड़े स्टेट वॉर रूम के माध्यम से फेसबुक और ट्विटर पर कांग्रेस पार्टी का प्रचार किया जाएगा। कांग्रेस की विचारधारा को बढ़ाने के लिए नेशनल वॉर रूम से कंटेंट भेजा जाएगा। इसमें प्रदेश के मुद्दों को जोड़कर प्रचारित किया जाएगा। कांग्रेस प्रत्याशियों की रोजाना की गतिविधियों को सोशल मीडिया पर शेयर किया जाएगा। स्टार प्रचारकों से संबंधित सूचना भी दी जाएगी। भाजपा के आरोपों का जवाब भी सोशल मीडिया पर कांग्रेस देगी। जिला और बूथ के पदाधिकारियों को स्टेट वॉर रूम से प्रत्याशियों के लिए प्रचार के रोजाना नए-नए टिप्स दिए जाएंगे। स्टेट वॉर रूम के तहत कांग्रेस ने डिसीजन मेकिंग टीम, सोशल मीडिया टीम और रेपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन किया गया है। ये सभी टीमें प्रदेश अध्यक्ष को रिपोर्ट करेंगी।

गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने वॉर रूम का पूजा पाठ के बाद शुभारंभ किया। इस दौरान शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कर्नल धनीराम शांडिल भी मौजूद रहे। कांग्रेस के चुनाव प्रचार की स्टेट वॉर रूम से रोजाना रिपोर्ट नेशनल वॉर रूम को भेजी जाएगी। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी का आईटी विभाग चुनाव प्रचार की निगरानी करेगा।

वहीं कांग्रेस के स्टार प्रचारकों सहित प्रदेश की चार सीटों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की रैलियों, रोड शो और नुक्कड़ सभाओं का वॉर रूम के माध्यम से फेसबुक और ट्विटर पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। कांग्रेस की आईटी टीम बड़ी रैलियों में गुप्त कैमरे भी लगाएगी। इन कैमरों से जनता की गतिविधियों और उनके रिस्पॉन्स की समीक्षा की जाएगी।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *