कुल्लू: हिमाचल के पांच विधायक अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आए चक्रवात के चलते रविवार को कई घंटे हैवलॉक टापू पर सैलानियों के साथ फंसे रहे। पांचों विधायक हिमाचल विधानसभा की मानव विकास समिति सदस्य के तौर पर अध्ययन प्रवास पर थे। बाद में हिमाचल के मुख्यमंत्री और अंडमान निकोबार प्रशासन के प्रयासों से विधायकों को सैलानियों के साथ पोर्ट ब्लेयर पहुंचाया गया। विधायकों की समिति विधायक बलवीर चौधरी की अध्यक्षता में तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार के अध्ययन प्रवास पर गए थे।
समिति में शामिल विधायक बलवीर चौधरी, विनय कुमार, जीतराम कटवाल, सुभाष ठाकुर व बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने चक्रवात में फंसने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सूचित किया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क साधा गया। फिर प्रशासन ने क्रूज भेजकर इन्हें वहां से निकाला।