मंडी से भाजपा ने किया लोकसभा चुनाव का शंखनाद, राजनाथ बोले: लंबे-चौड़े वादे नहीं, जनता के बीच पैदा करें विश्वास

  • लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर राजनाथ सिंह पन्ना प्रमुख सम्मेलन में मंडी के पड्डल मैदान पहुंचे
  • पाकिस्तान ने आतंकियों को अपनी ही जमीन पर तैयार किया है : राजनाथ सिंह

मंडी: भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल का सदस्य होने का गौरव व आशीर्वाद प्राप्त है, जो देश की एकता व अखण्डता के लिए कार्य कर रहा है। यह बात केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज मण्डी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में मण्डी संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई है और इसका श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को जाता है, जो पार्टी को निचले स्तर पर मजबूत कर रहे हैं। आज यहां तक कि विश्व के सर्वाधिक विकसित देशों द्वारा भी भारत को विश्व शक्ति के रूप में जाना जा रहा है तथा अगले पांच वर्षों में देश विश्व की पहली तीन आर्थिकियों में उभरेगा। इसे हासिल करने के लिए हम में से प्रत्येक को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मजबूत करने का आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को समर्पण के साथ कार्य करके सौंपे गए दायित्व का निर्वहन न्यायसंगत ढंग से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अन्तरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को पूरी तरह से बदला है। हालांकि बैंकों का राष्ट्रीयकरण बहुत पहले पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी द्वारा किया गया था, लेकिन वह नरेन्द्र मोदी ही है जिन्होंने देश में 35 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोलकर यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक की बैंकों में पहुंच हो।

गृह मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार आतंकवाद तथा नक्सलवाद का खात्मा करने के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार आतंकवाद तथा राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के विरूद्ध शून्य सहिष्णुता के नीति को अपना रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ जब भारत ने आतंकवादियों तथा राष्ट्र विरोधी ताकतों के विरूद्ध आक्रामक दृष्टिकोण की नीति को अपनाया है।

  • राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना,हिमाचल में भाजपा का पहला प्रत्याशी घोषित कर गए राजनाथ

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 55 साल देश में राज करके कांग्रेस ने राजनीति और राजनेताओं के प्रति विश्वास का संकट पैदा कर दिया है। जिसे सिर्फ भाजपा ही मिटा सकती है। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान पन्ना प्रमुखों और कार्यकर्ताओं को विनम्रता, विश्वसनीयता और ईमानदारी से काम करने का मंत्र दिया। चुनावी शंखनाद करते हुए उन्होंने सांसद रामस्वरूप को प्रदेश में भाजपा का पहला प्रत्याशी घोषित करते हुए वोटों की अपील की। पन्ना प्रमुख जैसे बड़े सम्मेलन में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की गैर मौजूदगी कई सवाल पैदा कर रही है। खैर ऐसे में सीएम के गृह क्षेत्र की मंडी संसदीय सीट पर विजय पताका फहराना किसी चुनौती से कम नहीं होगी। सीएम की प्रतिष्ठा भी मंडी सीट से दांव पर रहेगी।

ऐतिहासिक पड्डल मैदान में पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन में लोकसभा चुनावों का शंखनाद करने के बाद गृहमंत्री राजनाथ सिंह हिमाचल में भाजपा का पहला प्रत्याशी भी घोषित कर गए। हजारों पन्ना प्रमुखों को संबोधित करते हुए उन्होंने सांसद रामस्वरूप शर्मा की तारीफ की और उन्हें फिर से जिताने का आह्वान किया। कहा कि देश और प्रदेश में पन्ना प्रमुखों के कंधों पर जीत की जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख खुद को महज तीस वोटरों को नियंत्रित करने वाला छोटा कार्यकर्ता न समझें। इन्हीं पन्ना प्रमुखों में भविष्य के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री छिपे हैं। उन्होंने विपक्षी दल पर जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस नेताओं की कथनी और करनी में भारी अंतर रहा है। पड्डल मैदान में गृहमंत्री ने पन्ना प्रमुखों को विनम्रता, विश्वस्नीयता, अनुशासन और ईमानदारी से काम करने का गुरुमंत्र दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन कार्यकर्ताओं की पहली पहचान है। कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार में विश्वसनीयता लाकर लोगों का दिल जीतना चाहिए। वोटरों से लंबे चौड़े वायदे करने से अच्छा है कि उन्हीं कार्यों का उल्लेख किया जाए, जो हो सकते हैं। देश को स्वावलंबी, स्वाभिमानी विश्वगुरु बनाने में अनुशासित कार्यकर्ता ही अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने मंच से पन्ना प्रमुखों की तारीफ करते हुए कहा कि दो घंटे से सभी पन्ना प्रमुख शालीनता से अपनी सीटों पर बैठे हैं। कोई भी उठकर बाहर नहीं गया। ऐसा अनुशासन भाजपा कार्यकर्ताओं में ही देखने को मिलता है।

2017 के विधानसभा चुनावों में भी मंडी में बड़ा फेरबदल हुआ और कांग्रेस का सफाया हुआ। इसके चलते प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। इस बार भी मंडी से यही उम्मीद है। प्रदेश का पहले पन्ना प्रमुख सम्मेलन यहीं हुआ है और इस बार भी जीत का आधार मंडी ही बनेगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा गठबंधन और बहुमत दोनों तरह की सरकार चलाने में सक्षम है। इतिहास इसका गवाह है। अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बने तो उन्हें 24 दलों का समर्थन मिला। गठबंधन की सरकार उन्होंने अपने कौशल से चलाने में कामयाबी हासिल की। फिर कहा जाने लगा कि भाजपा कभी स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं करेगी। ऐसे में 2014 के चुनावों में भाजपा ने यह कार्य भी कर दिखाया। स्पष्ट बहुमत के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनाकर भारत विकास की ओर अग्रसर है। अर्थव्यवस्था के मामले में पूरे देश में भारत नौवें से छठे स्थान तक पहुंचा है। जल्द टॉप थ्री तक पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने आज 11 महीनों का कार्यकाल पूरा कर लिया है और इस छोटी सी अवधि के दौरान गरीबों तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। जन मंच कार्यक्रम लोगों की समस्याओं का उनके घरद्वार के समीप समाधान सुनिश्चित कर रहा है। प्रदेश ने केन्द्र सरकार की उज्ज्वला योजना से वचिंत रह गए सभी परिवारां को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान करने के लिए गृहिणी सुविधा योजना शुरू की है, और अभी तक 35000 निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोकतंत्र की खुबसुरती है कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के एक सादे परिवार से सम्बन्ध रखने वाले आज राज्य के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय केन्द्र के वरिष्ठ भाजपा नेताओं तथा राज्य के लोगों के प्यार व आशीर्वाद को जाता है। उन्होंने कहा कि यह निचले स्तर पर कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के कारण है कि राज्य में भाजपा सत्ता में आई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 भाजपा का वर्ष है और नए उत्साह के साथ कार्य करके आगामी लोकसभा चुनावों में राज्य की सभी चारों संसदीय सीटों को भाजपा की झोली में डालना पार्टी के प्रत्येक सदस्य का दायित्व बनता है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *