चिंतपूर्णी धाम के लिए 50 करोड़ रुपये की परियोजना होगी स्वीकृत : मुख्यमंत्री

  • अम्ब में इण्डोर स्टेडियम तथा मिनी सचिवालय का निर्माण किया जाएगा

शिमला: प्रसिद्ध माता चिंतपूर्णी धाम के विकास तथा पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए शीघ्र ही 50 करोड़ रुपये की परियोजना मंजूर की जाएगी। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज ऊना जिला के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज अम्ब में आज एक विशाल जनसभा को सम्बोधित हुए यह कहा।

जय राम ठाकुर ने कहा कि चिंतपूर्णी मन्दिर एक विश्व प्रसिद्ध मन्दिर है जहां वर्षभर लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अन्तर्गत आगन्तुकों की सुविधा के लिए बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक स्थान पर आने वाले पर्यटकों और भक्तों की सुविधा के लिए एक हेलीपैड भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार विधानसभा चुनावों में 48 प्रतिशत वोट प्राप्त करके सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद राज्य सरकार लोगों की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 10 महीनों की अल्पावधि के दौरान राज्य सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए कई योजनाएं आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का सौभाग्य है कि केन्द्रीय नेतृत्व हिमाचल प्रदेश के लोगों के विकासात्क आकांक्षाओं के लिए सहानुभूति रखता है तथा केन्द्र से राज्य के लिए 9000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी केन्द्रीय परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जाएगा ताकि राज्य के लोग इन परियोजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के 10 महीने के कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य की 56 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया है ताकि राज्य के प्रत्येक क्षेत्र व वर्ग का सन्तुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार बिना बदले की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य राजनीतिक कारणों से प्रतिशोध की भावना से कार्य करने का नही है लेकिन किसी भी तरह के भ्रष्टाचार मे लिप्त व्यक्ति को नही बक्शा जाएगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि इस वित्त वर्ष के बजट में 30 नई योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका प्रभावी ढंग से कार्यान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए गृहिणी सुविधा योजना तथा मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना का उद्देश्य महिलाओं व युवाओं का सशक्तिकरण तथा जन मंच कार्य का उद्देश्य आम जनता की शिकायतों का निवारण उनके घरद्वार के निकट सुनिश्चित बनाया है। उन्होंने कहा कि लड़कियों तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए राज्य में गुड़िया हेल्पलाइन शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए होशियार सिंह हेल्पलाइन शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं से हिमाचल प्रदेश देश के सबसे विकसित राज्य के रूप में उभरेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने 16.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले भरवाईं-चिन्तपूर्णी, पक्का-टयाला सड़क की आधारशिला रखी। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के 13000 लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने किन्नू-गुरेट सड़क व 3.47 करोड़ रुपये की लागत से गौर खड्ड बनने वाले पुल, 6.87 करोड़ रुपये की लागत से कलरूही खड्ड पर बनने वाले पुल तथा कलरूही-मथेड़-लोहारा सम्पर्क सड़की की आधारशिला रखीं। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने 3.35 करोड़ रुपये की लागत से कुथरा-खेरला में ग्राम पंचायत नेहरी-नोरंगा के लिए उठाउ जलापूर्ति योजना की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने नागरिक अस्पताल अम्ब को 30 बिस्तरों से 100 बिस्तरों की क्षमता के अस्पताल बनाने की घोषणा की। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों सुहानी और शीतला को 10 बिस्तर उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अम्ब में आयुर्वेदिक अस्पताल खोलने के मामले को भारत सरकार के आयुष मंत्रालय से उठाएगी। उन्होंने कहा कि अम्ब में मिनी सचिवालय तथा इण्डोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने अम्ब विधानसभा क्षेत्र के लिए मेगा फूड पार्क के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के लिए 15 टियूब वैल व 25 हैण्डपम्प स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र की दो सड़कों के निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अम्ब स्थित विश्राम गृह का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अम्ब में ट्रॉमा सेन्टर की स्थापना के मामले को केन्द्र सरकार के साथ उठाया जाएगा।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *