प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक सम्पन्न, बैठक में 3 प्रस्ताव पारित

  • लोकसभा चुनाव के लिए रोड़मैप तैयार कर कार्यकर्ताओं से किया सांझा

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की शिमला में दो दिवसीय बैठक आज खत्म हो गई। बैठक में जहां भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए रोड़मैप तैयार कर कार्यकर्ताओं से सांझा किया, वहीं नेताओं ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। प्रदेश बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में 3 प्रस्ताव पारित किए। इसमें मुख्य रूप से कांग्रेस के खिलाफ जवाबी हमला बोलने के लिए प्रस्ताव पारित हुआ। इसके साथ-साथ राजनीतिक प्रस्ताव, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए हर बूथ पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना और तीसरा प्रस्ताव पूर्व पीएम स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक प्रस्ताव।

  • हिमाचल भारतीय जनता पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व एक जुट : राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल

भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के समापन भाषण में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने कहा कि हिमाचल भारतीय जनता पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व एक जुट है। सभी वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लगातार सरकार व संगठन को मिलता है। हिमाचल में सरकार व संगठन का तालमेल बहुत बेहतर है व बहुत तालमेल के साथ सरकार व संगठन चल रहे हैं, जोकि खुशी की बात है।

हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी का संगठन निचली ईकाई तक पहुंचा है। हिमाचल के विधानसभा चुनाव में जो जीत हासिल की है, उसका मूलमंत्र अपना बूथ सबसे मजबूत के आधार पर जीता है तथा हिमाचल के इस मंत्र को राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी ने अपनाया है। अब बीजेपी का राष्ट्रीय स्तर पर भी यही नारा मेरा बूथ सबसे मजबूत अपनाया है।

  • सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर सरकार बनाई है और मिलकर ही सरकार चलानी भी है : मुख्यमंत्री

बीजेपी कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार का 9 महीने का कार्यकाल पूरा होने को है और इस दौरान सरकार के समक्ष परीक्षा की अनेक घड़ियां सामने आई, परन्तु कार्यकर्ताओं के विश्वास और आशीर्वाद के चलते सरकार एक एक करके उन सभी परीक्षाओं पर खरा उतरी है और इस छोटे से कार्यकाल के दौरान जो भी संभव हो सकता है वह सरकार ने करने की कोशिश की है। उन्होनें कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर सरकार बनाई है और कार्यकर्ताओं को मिलकर ही सरकार चलानी भी है।

भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा

भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा

कार्यसमिति के दो दिन के कामकाज को लेकर प्रेसवार्ता में मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी के रोड मैप को विस्तार से रखा।  शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से घबराकर कांग्रेस ने अभी से अपनी हार स्वीकार कर ली है। रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस बीजेपी सरकार की उपलब्धियां देख पूरी तरह से बौखला गई है। जब से प्रदेश कांग्रेस की नई प्रभारी रजनी पाटील बनी हैं तब से लेकर कांग्रेस कई गुटों में बंट चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज नेतृत्व की जंग लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास नेता और नीति दोनों ही नहीं है।

भाजपा कार्यसमिति की बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रस्ताव रणधीर शर्मा ने प्रस्तुत किया जिसका राम सिंह ने समर्थन किया। इस प्रस्ताव के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।

राजनीतिक प्रस्ताव में मोदी सरकार के 52 महीने के कार्यकाल और प्रदेश सरकार के 9 महीने के कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाएं, स्वच्छता अभियान, आयुष्मान भारत सहित कई नई योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसी तरह से अटल की याद में शोक प्रस्ताव भी पारित किया गया। रणधीर शर्मा ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में प्रदेश की चारों सीटों पर बीजेपी फिर से जीत दर्ज करेगी।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कार्यसमिति की बैठक में तैयार रोड मैप के मुताबिक 17 सितंबर से 30 जनवरी तक कार्यक्रम चलेंगे। इस दौरान 2 अक्तूबर को पूरे प्रदेश में स्वच्छता दिवस मनाया जाएगा और इसके तहत 30 जनवरी तक हर विधानसभा क्षेत्र में पद यात्राएं निकाली जाएंगी।

इसके अलावा एक से सात अक्तूबर तक सभी लोकसभा क्षेत्रों में ग्राम प्रमुखों के सम्मेलन और सात से पंद्रह अक्तूबर तक इसी तरह के सम्मेलन मंडल स्तर पर होंगे। 31 अक्तूबर को रन फॉर यूनिटी का आयोजन होगा जबकि नवंबर से फरवरी के बीच प्रदेश भर में पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *