शिमला: ऐतिहासिक टाउनहाल भवन के स्वामित्व को लेकर होटल होलीडे होम में पर्यटन विभाग ने शनिवार को बैठक बुलाई। बैठक में शिमला नगर निगम के पार्षद और शिमला के लोगों को बुलाया गया लेकिन नगर निगम के सभी सदस्य इस भवन को नगर निगम को वापस देने पर अड़े रहे जबकि कुछ लोग इस सम्पत्ति पर पुस्तकालय या म्यूजियम के पक्ष में दिखे।
पर्यटन विभाग की ओर से बुलाई गई हितधारकों की बैठक में एक पक्ष टाउनहाल को पुस्तकालय या म्यूजियम बनाने की बात कहता रहा। जबकि पूर्व मेयर संजय चौहान ने भवन नगर निगम को वापस देने की बात कही। पार्षदों ने उनका समर्थन किया। संजय चौहान ने कहा कि पर्यटन
विभाग को ऐसी बैठक करने का कोई अधिकार नहीं है। नगर निगम शिमला सबसे पुरानी निगम है। इस पर सभी पूर्व एवं वर्तमान पार्षद संजय चौहान के पक्ष में खड़े हो गए और सदन में हंगामा शुरू हो गया। पार्षदों ने इसे निगम की संपत्ति बताया। इस बीच कांग्रेस बीजेपी पार्षदों भी हाल से बाहर आ गए।
बता दें टाउन हाल के स्वामित्व को लेकर उच्च न्यायालय में जवाब दायर करने से पहले पर्यटन विभाग ने इस मुद्दे पर नगर निगम के साथ साथ तमाम स्टेक होल्डर्स की बैठक तलब की है। बैठक में नगर निगम व लोगों के विचार सुनने के बाद सरकार टाउन हाल को लेकर हाई कोर्ट में पक्ष रखेगी। शिमला का प्रसिद्ध टाउन हॉल जिसके जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो चुका है। लेकिन अब लड़ाई ये है कि ये हॉल किसको मिलना चाहिए।