तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम करुणानिधि का निधन

  • राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने डीएमके प्रमुख एम.करूणानिधि के निधन पर किया शोक व्यक्त

चेन्नई: तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और राजनीतिक दल द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (डीएमके) के प्रमुख करुणानिधि का मंगलवार को चेन्नई के कावेरी अस्पताल में निधन हो गया। रक्तचाप में तेजी से गिरावट के बाद उन्हें उनके गोपालपुरम आवास से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करुणानिधि के निधन से देश की राजनीति को गहरा धक्का लगा है। सियासी गलियारों में मातम पसर गया है।

कावेरी अस्पताल में भर्ती 94 वर्षीय नेता ने शाम छह बजकर दस मिनट पर अंतिम सांस ली। अस्पताल के कार्यकारी निदेशक डॉक्टर अरविन्दन सेल्वाराज की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ”हमें बड़े दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि हमारे प्रिय कलैंग्नर एम. करुणानिधि का सात अगस्त, 2018 को शाम छह बजकर दस मिनट पर निधन हो गया। डॉक्टरों और नर्सों की हमारी टीम के सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

विज्ञप्ति के अनुसार, ”हम भारत के कद्दावर नेताओं में से एक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं और परिवार के सदस्यों तथा दुनिया भर में बसे तमिलवासियों का दुख साझा करते हैं। करुणानिधि का रक्तचाप कम होने के बाद 28 जुलाई को उन्हें गोपालपुरम स्थित आवास से कावेरी अस्पताल भेजा गया था। पहले वह वार्ड में भर्ती थे, बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया।

देश की राजनीति में करुणानिधि और उनकी पार्टी का अमिट योगदान रहा है। करुणानिधि के निधन पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सहित तमाम नेताओं ने दुख जताया है। करुणनिधि के निधन की खबर फैलते ही उनके चाहने वालों और तमाम दलों के नेताओं की भीड़ उनके आवास पर जुटने लगी है। अस्पताल के बाहर हजारों की संख्या में गमगीन समर्थक अपने कद्दावर नेता की अंतिम झलक पाने के लिए टकटकी लगाए हुए हैं।

  • राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने डीएमके प्रमुख एम.करूणानिधि के निधन पर किया शोक व्यक्त

शिमला: राज्यपाल आचार्य देवव्रत तथा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने द्रविड़ा मुनेत्रा कड़घम (डीएमके) प्रमुख एम. करूणानिधि के देहावसान पर शोक व्यक्त किया है। उनका मंगलवार सांय कावेरी अस्पताल चेन्नई में निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि एम. करूणानिधि देश के कदावर नेता और एक अनुभवी व्यक्तित्व थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

एक शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि एम. करूणानिधि एक बहुआयामी सख्शियत थे। भारतीय सिनेमा तथा राजनीति में उनका बड़ा योगदान था और तमिलनाडु के लोग उन्हें हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना की है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *