बैजनाथ: बैजनाथ में पहुंचने पर आज हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू का पूर्व विधायक किशोरी लाल की अगुवाई में ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस तथा युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शानदार स्वागत किया। इस दौरान रजनी पाटिल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देशानुसार मैं प्रभारी के नाते पूरे प्रदेश का दौरा कर नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रही हूं। पहले चरण में कांगड़ा जिला से शुरूआत करते हुए हम 6 जिलों का दौरा करेंगे तथा शिमला में एक बड़ी बैठक करेंगे जिसमें ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस व युवा कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार कर रही हूं। हमारा लक्ष्य यह है कि प्रदेश की चारों सीटें कांग्रेस की झोली में पड़ें। उन्होंने कांगड़ा-चम्बा लोकसभा के लिए किसी भी उम्मीदवार का नाम नहीं बताया तथा कहा कि यह आलाकमान का अधिकार क्षेत्र है, मुझे केवल रिपोर्ट तैयार करनी है।