प्रदेश को “प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व” अभियान के तहत श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार

  • देश के निजी चिकित्सकों को भी 36 पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें से ज़िला मंडी के डॉ. जनदीप बंगा को विशिष्ठ सेवा के लिए पुरस्कार से सम्मानित

शिमला: हिमाचल प्रदेश ने देश में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पी.एम.एस.एम.ए.) के अंतर्गत अपने बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) बी.के. अग्रवाल को शुक्रवार सांय नई दिल्ली में पी.एम.एस.एम.ए. के ‘आईप्लैजफॉर9’ अचीवर्स पुरस्कार समारोह में इस पुरस्कार से सम्मानित किया।  बी.के. अग्रवाल ने बताया कि भारत सरकार ने हिमाचल प्रदेश को  पी.एम.एस.एम.ए. क्लीनिकों में सर्वाधिक गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच करवाने के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने यह अभियान अगस्त, 2016 में आरम्भ किया और इसके अन्तर्गत 495 पी.एम.एस.एम.ए. क्लीनिक स्थापित किए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अगस्त, 2016 से मई, 2018 तक पंजीकृत 1,28,058 गर्भवती महिलाओं में से 87414 (68.26 प्रतिशत) महिलाओं की पी.एम.एस.एम.ए. क्लीनिक में चिकित्सकों द्वारा प्रसव पूर्व जांच करवाने में सफल रही। यह अनुपात सर्वाधिक है तथा पुनः प्रमाणित करता है कि हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य मानकों के संबंध में अग्रणी राज्यों में आता है।

उन्होंने बताया कि पी.एम.एस.एम.ए. के अन्तर्गत गर्भवती महिलाओं की हर महीने की 9 तारीख को चिकित्सक द्वारा प्रसव पूर्व जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए निजी क्षेत्र से स्वयं सेवा करने वाले चिकित्सकों पर विशेष बल दिया जा रहा है। विशेष पूर्व प्रसव जांच के दौरान उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित किया जाता है जिससे इन महिलाओं का उपचार व मार्गदर्शन  समय रहते किया जा सके ताकि उनका प्रसव संस्थागत रूप से किया जा सके। इससे  मातृ एवं शिशु मृत्यु दरों में कमी लाई जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि देश के निजी चिकित्सकों को भी 36 पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें से ज़िला मंडी के डॉ. जनदीप बंगा को विशिष्ठ सेवा के लिए पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *