पेयजल व्यवस्था को सुधारा नहीं गया तो होगा चक्का जाम : विक्रमादित्य

पेयजल व्यवस्था को सुधारा नहीं गया तो होगा चक्का जाम : विक्रमादित्य सिंह

शिमला: राजधानी शिमला में गहराते पेयजल संकट पर कांग्रेस ने सरकार व नगर निगम को दो दिन का अल्टीमेटम दे दिया है। शहर में अगर पेयजल व्यवस्था को सुधारा नहीं गया तो चक्का जाम किया जाएगा। पेयजल संकट को लेकर भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह और अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पिछली सरकार के समय भी गर्मियों के दौरान इतना ही पानी आता था, लेकिन इसका वितरण सही था। वर्तमान सरकार चहेतों को जमकर पानी दे रही है जबकि आम जनता बूंद-बूंद को तरस रही है। उन्होंने शिमला शहर में पानी के संकट को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या का जल्द समाधान नहीं होता है तो कांग्रेस के पार्षद और विधायक, मंत्रियों महापौर का घेराव करेंगे। साथ ही 30 मई को शहर में चक्का जाम करेंगे।

अनिरुद्ध और विक्रमादित्य ने कहा कि शहर बीजेपी ने नगर निगम चुनावों और विधानसभा चुनावों के समय शहर में 24 घंटे पानी देने का वादा किया था लेकिन अब  10 दिन बाद लोगों को पानी दिया जा रहा है।  शहर में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। शिमला में इस स्थिति से मेयर बिलकुल बेखबर हैं और वह चीन के दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि मेयर को ऐसे में अपना दौरा रद्द करना चाहिए था और शहर की जनता को पानी मुहैया करवाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण में पहले ही पानी का संकट है और वहां का पानी यहां लाया जाता है तो ग्रामीण में पानी गहरा जाएगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीण के पानी के साथ छेड़छाड़ की जाती है तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *