चांशल में अंतर्राष्ट्रीय स्नो बोर्ड चैंपियनशिप शुरू

  • चांशल क्षेत्र साहसिक खेलों के लिए प्रदेश का श्रेष्ठ स्थान : गोविंद ठाकुर

शिमला : अंतर्राष्ट्रीय स्नो बोर्ड चैंपियनशिप का आज वन, परिवहन व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने चांशल घाटी में उदघाटन किया। उन्होंने कहा कि चांशल क्षेत्र साहसिक खेलों के लिए प्रदेश का श्रेष्ठ स्थान है। प्रदेश सरकार द्वारा आने वाले समय में इस क्षेत्र को विभिन्न साहसिक बर्फ संबंधी खेलों के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की।

उन्होंने उदघाटन से पूर्व विडियो कालिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश जय राम ठाकुर से खिलाड़ियों व स्थानीय लोगों की बात करवाई। मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र की सुंदरता को बनाए रखने और यहां पर्यटन के विकास के लिए क्षेत्रवासियों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने आयोजकों को शुभकामनाएं भी दी। गोविन्द ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में यहां विभिन्न साहसिक व बर्फ से संबंधित खेलें निरंतर आयोजित की जाएं, उसके लिए भी कार्य योजना तैयार की जाएगी। निजी कंपनियों के सहयोग से यहां पर्यटन विकास के लिए सहायता प्राप्त करने पर भी विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चांशल क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखने के लिए इस क्षेत्र के लोगों को स्वयं आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि यहां के स्थानीय लोग ईको टूरिज्म सोसायटी का गठन कर यहां आने वाले पर्यटकों को पार्किंग, जलपान व अन्य सुविधाएं प्रदान कर स्वरोजगार प्राप्त कर सकते हैं, साथ ही इस क्षेत्र की सुंदरता व स्वच्छता को बनाए रखने में अपना सहयोग देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।  उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र और इसके साथ लगते उत्तराखंड क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके लिए सांझा प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में नेपाल, भारतीय सेना, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड व स्थानीय लगभग 50 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने हिमाचल स्नो बोर्ड ऐसोसिएशन को खेल के प्रोत्साहन के लिए एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *