शिमला: शिक्षा, अधोसंरचना और समावेशी विकास क्षेत्र में बड़े राज्यों की श्रेणी में हिमाचल प्रदेश को इण्डिया टूडे ग्रुप द्वारा सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में इंडिया टूडे ग्रुप द्वारा आयोजित इंडिया टुडे स्टेट ऑफ द स्टे्टस कनक्लेव-2017 के अवसर पर केन्द्रीय भूतल परिवहन, जहाज रानी एवं जल संसाधन नदी विकास तथा गंगा नवीकरण मंत्री नितिन गडकरी से यह पुरस्कार प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस अवसर पर ‘द पॉलीटिक्स ऑफ डेवेल्पमेंटः माई टर्न एराउण्ड स्टोरी’ विषय पर सम्बोधन किया।
उन्होंने प्रदेश के गठन से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हिमाचल प्रदेश विकास का आदर्श बनकर उभरा है। उन्होंने महान नेता पंडित जवाहर लाल नेहरू तथा डा. वाई.एस. परमार द्वारा हिमाचल प्रदेश की विकास की सुदृढ़ नींव रखने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने गठन के बाद अपनी विकास यात्रा आरम्भ की और आज यह विकास का आदर्श बनकर उभरा है। यह राज्य विकास मानकों में देश के बड़े राज्यों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इन प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है और राज्य ने अनेक पुरस्कार प्राप्त किए हैं ।
मुख्यमंत्री ने राज्य महत्व पर बल देते हुए कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में राज्य का सुदृढ़ होना आवश्यक है यदि हम देश को मजबूत बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम राष्ट्र को सुदृ़ढ़ बनाना चाहते हैं तो हमें राज्यों को मजबूती प्रदान करनी होगी। उन्होंने प्रदेश को सहायता प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुदृढ़ व विकसित राज्य केन्द्र सरकार को योगदान दे सकते हैं।