शिमला: राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज स्वर्गीय कर्ण सिंह, जो प्रदेश सरकार में आयुर्वेद मंत्री थे, के कुल्लू स्थित पैतृक निवास सुल्तानपुर जाकर परिवारजनों से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। राज्यपाल ने स्वर्गीय कर्ण सिंह की धर्मपत्नी शिवानी सिंह तथा उनके पुत्र आदित्य विक्रम सिंह को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि कर्ण सिंह एक सहृदय, मृदु भाषी और नेक दिल इंसान थे। एक अच्छे बेदाग राजनेता के साथ-साथ प्रदेश ने बेहतर समाज सेवी खो दिया है।
उन्होंने कर्ण सिंह के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि वह अपने कार्य के प्रति समर्पित राजनेता थे, जो हर वक्त अपने राज्य के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। प्रदेश के विकास में दिए गए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। विधायक तथा कर्ण सिंह के भाई महेश्वर सिंह तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।