शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व व जीत को सुनिश्चित करने के लिए जी-जान से जुटे कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि विधान सभा चुनावों के पश्चात दिल्ली नगर निगम चुनावों में मिली इस ऐतिहासिक विजय से स्पष्ट हो गया है कि देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार की नीतियों में पूर्ण आस्था व विश्वास है। लोगों ने कांग्रेस के तथाकथित सैकुलरवाद को नकारकर भाजपा के राष्ट्रवाद और विकास की नीति को अंगीकार कर लिया है।
प्रो. धूमल ने कहा कि देशभर में भाजपा की आंधी चल रही है और अब इससे हिमाचल प्रदेश भी अछूता नहीं रहेगा। पहले नगर निगम शिमला और उसके पश्चात विधान सभा चुनावों में भाजपा कांग्रेस का पूर्णरूप से सफाया कर देगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भी दिल्ली नगर निगम चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक विजय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को बधाई दी है और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेसमुक्त राष्ट्र की दिशा में यह एक बड़ा कदम है और इसके पश्चात अब हिमाचल की बारी है जहां प्रदेश की जनता प्रदेश कांग्रेस सरकार के भ्रष्ट शासन को जड़ से उखाड़ फैंकने के लिए कृत सकंल्पित है।