राज्य सरकार के चार साल पूर्ण करने के उपलक्ष्य में 25 दिसम्बर “महारैली”

  • राज्य सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए 15 से 31 दिसम्बर, 2016 तक विशेष अभियान

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज यहां मंत्रियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वार्तालाप करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के चार साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर मण्डी के पड्डल मैदान में 25 दिसम्बर, 2016 को एक ‘महारैली’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्रमुख तथा यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को इस अवसर पर आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में लोगों के कल्याण के लिए सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों को दर्शाने के लिए 15 से 31 दिसम्बर, 2016 तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को प्रचारित करने के लिए मोबाईल, पब्लिसिटी वाहन, एलईडी स्क्रीन, ध्वनि प्रसार प्रणाली, प्रदर्शनी पैनल इत्यादि भी प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये पब्लिसिटी वाहन प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में भी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विशेष प्रचार अभियान में संचार के सभी साधनों का उपयोग सुनिश्चित बनाया जाएगा ताकि सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंच सके।

सूचना एवं जन सम्पर्क मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस दौरान प्रिंट, इलैक्ट्रॉनिक तथा सोशल मीडिया के जरिए बहु प्रचार अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त 15 से 31 दिसम्बर, 2016 तक सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा विशेष प्रसार अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें राज्य में विभिन्न सम्मेलन, संगीत एवं नाट्य प्रदर्शन और प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के चार साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री द्वारा 17 दिसम्बर, 2016 को ओकओवर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी मंत्री उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करने के लिए ऐतिहासिक रिज मैदान शिमला तथा जिले के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पब्लिसिटी स्टाल स्थापित किए जाएंगे।

अग्निहोत्री ने कहा कि सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग राज्य सरकार की सफलता की कहानियों पर आधारित लघु फिल्म व वृत्त चित्र भी तैयार करेगा और यह मोबाइल वैनों व स्थानीय केवल आप्रेटरों के माध्यम से दर्शाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों को प्रचारित करने के लिए निश्चित स्थानों पर इलैक्ट्रॉनिक न्यूज डिस्प्ले बोर्ड भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग प्रदेश सरकार की नीतियों तथा कार्यक्रमों को दर्शाने के लिए प्रकाशन सामग्री जैसे बुकलैट, फोल्डर, पैम्फलेट तथा अन्य सामग्री भी जनमानस में वितरित करेगा।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *