प्रदेश सरकार को अस्थिर करने की रणनीति बनाने व झूठी विज्ञप्तियां जारी करने में व्यस्त भाजपा : पठानिया व चौधरी

  • कांग्रेस सरकार ने विकास के मामले में किसी भी क्षेत्र की अनदेखी नहीं की : पठानिया व चौधरी

शिमला: कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया तथा आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने एक संयुक्त वक्तव्य में कहा कि भाजपा रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाए प्रदेश की लोकप्रिय सरकार को अस्थिर करने की रणनीति बनाने व झूठी विज्ञप्तियां जारी करने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार व झूठे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब प्रदेश की लोकप्रिय सरकार को अस्थिर करने में असफल रहने के कारण भाजपा के नेताओं द्वारा कुंठा को दर्शाता है।

मंत्रियों ने सरकार के खिलाफ की गई टिप्पणियों की भतर्सना करते हुए कहा कि भाजपा नेता वर्तमान प्रदेश सरकार के 45 महीनों के दौरान हुए विकासात्मक कार्यों से घबरा गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित बनाया है और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं आरम्भ की हैं और आज प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में भी विकास सुनिश्चित हुआ है और प्रदेश के लोग राज्य में हो रहे विकास से संतुष्ट हैं।

पठानिया तथा चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास के मामले में किसी भी क्षेत्र की अनदेखी नहीं की है और सभी वर्गों के कल्याण के लिए एक समान कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में पिछले 45 महीनों के दौरान 15500 स्कूल और 41 महाविद्यालय खोले व स्तरोन्नत किए हैं। प्रदेश में 3.87 लाख पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 650 रुपये प्रतिमाह और 80 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को 1200 रुपये प्रतिमाह किया है। वर्तमान सरकार द्वारा 27 हजार से अधिक लोगों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार प्रदान किया गया है, जबकि 25 हजार अन्य लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्रियों ने कहा कि केन्द्र द्वारा आवंटित राशि के दुरूपयोग संबंधी आरोप हास्यस्पद हैं। कांग्रेस सरकार केन्द्रीय योजनाओं और केन्द्र द्वारा आवंटित राशि को प्रदेश में सतत विकास कार्यों के कार्यान्वयन में खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अब तक 3342 बस्तियों को 1975 कार्यों को पूर्ण कर सड़कों से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने हाल ही में ‘अमरूत मिशन’ और ‘स्वच्छ भारत अभियान’ को सक्रिय रूप से लागू करने में पुरस्कार प्राप्त किये हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पहले की तरह निकट भविष्य में भी राज्य के विकास के लिए निष्ठा और ईमानदारी से काम करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की तमाम कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी। प्रदेश के लोग विपक्षी नेताओं की मंशा को भलीभांति जानते हैं।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *