मुख्यमंत्री ने की राजकीय महाविद्यालय करसोग में लड़कियों के लिए अलग छात्रावास की घोषणा

  • पांगणा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की घोषणा
  • पांगणा में खोला गया उप तहसील कार्यालय
  • लोक निर्माण विभाग को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज मण्डी जिले के करसोग विधानसभा क्षेत्र के पांगणा में जनसभा को सम्बोधित करते हुए पॉलीटेक्निक संस्थान करसोग को आगामी सत्र से आरम्भ करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के यह चिरकालीन मांग थी। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय करसोग में अंग्रेजी, हिन्दी तथा राजनीति शास्त्र की स्नातकोत्तर कक्षाएं तथा लड़कियों के लिए अलग से छात्रावास के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने पांगणा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्यन की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के सामयिक स्थानान्तरणों ऐतराज जताते हुए कहा कि इससे सड़कों, भवनों एवं पुलों का निर्माण तथा विकास में बाधा उत्पन्न होती है।

इससे पूर्व, चिंडी में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति में पांच सचिवों के सम्बन्ध में पूछे गए प्रश्न पर किसी प्रकार की प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में पॉलीटेक्निक की मांग के अलावा पांगणा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार कार्य प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित बना रही है और लोगों की समस्याओं का उनके घरद्वार पर निराकरण करने के सम्बन्ध में संवेदनशील है। मुख्य संसदीय सचिव मनसा राम ने पांगणा में उप तहसील कार्यालय खोलने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बखोल गांव की सड़क के लिए 10 लाख रुपये की राशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *