भांग व अफीम उगे क्षेत्रों का पता लगाकर सूचिबद्ध करने के निर्देश

  • भांग एवं अफीम उन्मूलन अभियान के लिए अधिकारी जल्द तैयार करें रूपरेखाः उपायुक्त

शिमला: भांग एवं अफीम उन्मूलन सामाजिक दायित्व है, जिसमें सभी की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। यह जानकारी आज उपायुक्त शिमला रोहन चंद ठाकुर ने भांग एवं अफीम उन्मूलन अभियान के संदर्भ में बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त से 5 सितम्बर, 2016 तक यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने इस संदर्भ में जिला में 12 अगस्त, 2016 तक सभी उपमण्डलाधिकारियों को मण्डल स्तर पर बैठक कर अभियान की सफलता के लिए रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने उपमण्डल स्तर के अधिकारियों को विभिन्न पंचायतों व अन्य स्थानों पर भांग व अफीम उगे क्षेत्रों का पता लगाकर सूचिबद्ध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अन्य विभाग, जिसमें वन विभाग, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों व सदस्यों को भी इस अभियान में शामिल करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के दौरान प्रतिदिन किए गए कार्यों की सूचना जिला स्तर पर उपलब्ध करवाने के आदेश भी दिए।

उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में सभी उपमण्डलाधिकारी 18 अगस्त तक चिन्हित स्थानों तथा उन्मूलन कार्यक्रम की विस्तृत कार्यरेखा तैयार कर सूचित करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकारी भूमि के अतिरिक्त निजि भूमि से भांग व अफीम उन्मूलन के लिए भूमि मालिक व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदार होगा। इसके लिए वह पुलिस की मदद से उन्मूलन कार्य को अंजाम देकर अभियान का हिस्सा बनने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समस्त विभाग अपने अधिकारियों व कर्मचारियों को इस संदर्भ में उपयुक्त दिशा-निर्देश जारी कर अभियान की सफलता के लिए समन्वय स्थापित करें। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को जिला में विभिन्न स्तरों पर जागरूकता रैलियां, नारा लेखन व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाए।

 

 

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *