राज्यपाल का रेडक्रास गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल

  • 10 वर्ष से अधिक समय से कार्य कर रहे कर्मचारियों को सरकारी अनुबन्ध पर लाने के लिए किए जाएंगे प्रयास : कौल सिंह ठाकुर
  • स्वास्थ्य निदेशक डा. बलदेव ठाकुर ने राज्यपाल व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को राज्य रेडक्रास गतिविधियों बारे करवाया अवगत

शिमला: राज्यपाल आचार्य देवव्रत, जो हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष भी है, ने कहा कि रेडक्रास गतिविधियों को बढ़ाया जाना चाहिए तथा अधिक से अधिक संसाधनों का सृजन किया जाना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सके। उन्होंने कहा कि रेडक्रास में जो कर्मचारी 10 वर्ष से अधिक समय से कार्य कर रहे हैं, उनका मामला सरकार से उठाया जाएगा ताकि वे उचित नीति के तहत राज्य सरकार के अनुबन्ध का लाभ भी उठा सके। राज्यपाल आज यहां राजभवन में राज्य रेडक्रास सोसायटी की वार्षिक आम बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

आचार्य देवव्रत ने सभी जिला रेडक्रास सोसायटी को अपने आय का समय पर राज्य का 30 प्रतिशत हिस्सा जमा करवाने को कहा, ताकि प्राप्त राशि में से 15 प्रतिशत राष्ट्रीय कार्यालय को भेजा जा सके। उन्होंने रेडक्रास गतिविधियों के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया ताकि और अधिक आय सृजित की जा सके। उन्होंने कहा कि कार्पोरेट क्षेत्र व व्यापारिक संगठनों की सहायता से लक्ष्यों को पूरा किया जा सकता है, जो राज्य रेडक्रास सोसायटी द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने नियमित वार्षिक लेखा रिपोर्ट भेजनें का भी आग्रह किया। राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेडक्रास को दिया गया दान कर मुक्त बनाने के लिए मामला उचित प्राधिकरण के समक्ष उठाए। उन्होंने इसे एक जन आन्दोलन बनाकर रेडक्रास गतिविधियों से और अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने स्वयं सेवियों को जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाने पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण गतिविधियां, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, शून्य बजट आधारित प्राकृतिक खेती और गौ पालन के प्रति जागरूक करने के लिए जन अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी जिला उपायुक्तों, जो जिला रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष भी हैं, को नशे से होने वाले नुक्सानों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसान मेलों का आयोजन किया जाना चाहिए और जिला स्तर पर नशामुक्ति केन्द्र खोले जाने चाहिए। उन्होंने उनके सामाजिक ऐड़ा को लोगों के लाभ के लिए सहयोग देने को कहा। राज्यपाल ने लाहौल-स्पिति, ऊना व सिरमौर जिलों के उपायुक्तों को राज्य रेडक्रास हिस्से जमा करवाने में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।

इससे पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कौल सिंह ठाकुर, जो राज्य रेडक्रास प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष भी है, ने राज्यपाल व अन्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रास सोसायटियों में 10 वर्ष से अधिक समय से कार्य कर रहे कर्मचारियों केा सरकारी अनुबन्ध पर लाने के लिए प्रयास किए जाएंगे, जिससे जिला रेडक्रास पर पड़ने वाला बोझ भी कम होगा। उन्होंने उपायुक्तों से ऐसे कर्मचारियों की सूची स्वास्थ्य विभाग को भेजने को कहा, ताकि सरकारी स्तर पर उचित कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने उपायुक्तों को जिला स्तर पर रेडक्रास गतिविधियों में तेजी लाने तथा कम से कम पांच रक्तदान शिविर आयोजित करने को कहा, ताकि खून की कमी को पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग, जिन्होंने 100 बार रक्तदान किया है, को सम्मापित किया जाना चाहिए, ताकि अन्यों को भी इनसे प्रेरणा मिल सके। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सूचकांक बहुत अच्छे हैं, परन्तु उन्होंने शिशु लिंग अनुपात पर चिंता व्यक्त की और कहा कि इसे सुधारने के लिए और अधिक प्रयास किए जा सहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ- बेटी पढाओं, जैसे कार्यक्रम से प्रदेश में लिंग अनुपात में सुधार आएगा। हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रास प्रबन्धन समिति की उपाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी राज्य रेडक्रास की आय में वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डा. बलदेव ठाकुर ने बैठक की कारवाई का संचालन किया। उन्होंने राज्यपाल तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को राज्य रेडक्रास गतिविधियों बारे अवगत करवाया।

विभिन्न जिलों के उपायुक्त, राज्य रेडक्रास के सचिव पी.एस. राणा, राज्य रेडक्रास के आजीवन सदस्य व अच्य सदस्य, हिमाचल प्रदेश रेडक्रास अस्पताल कल्याण शाखा की कार्यकारणी समिति के सदस्यों ने भी बैठक के दौरान बहुमूल्य सुझाव दिए। विभिन्न विभागों के अधिकारी व राज्य रेडक्रास के अधिकरी बैठक में शामिल हए।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *