हिमाचल : कांग्रेस ने सोलन नगर निगम चुनाव में प्रचार के लिए गठित की चार सदस्‍यीय कैंपेनिंग कमेटी

झूठी बयानबाजी कर भाजपा नेता प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का कर रहे प्रयास : कांग्रेस नेता

शिमला: प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल पर आरोप लगाया है कि वह प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे विकास को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास की रफतार देखकर भाजपा नेताओं के होश उड़ गए हैं और ऐसी स्थिति में झूठी बयानबाजी कर भाजपा नेता प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष सुभाष मंगलेट, श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष हरदीप सिंह बाबा, हि.प्र. वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, जीआईसी के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र पाल, पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा व हाऊसिंग बोर्ड के उपाध्यक्ष यशवन्त छाजटा ने आज यहां एक संयुक्त बयान में प्रदेश भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि भाजपा अपने कुछ केन्द्रीय नेताओं के साथ मिलकर प्रदेश के विकास की रफ्तार को रोकने की कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन वह प्रदेश में वीरभद्र सिंह सरकार के विकास रथ को नहीं रोक सकते हैं।

इन नेताओं ने कहा है कि भाजपा के यह नेता प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के अनेक षड़यन्त्र रचते आए हैं। उनका कोई भी षड़यन्त्र न तो सफल हुआ है और न ही आगे होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस सरकार को पूर्ण बहुमत देकर पूरे पांच साल के लिए चुना है व प्रदेश के लोगों ने वीरभद्र सिंह को छठी बार मुख्यमंत्री बनाया है। इन नेताओं ने कहा है कि वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद सातवीं बार भी वीरभद्र सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सशक्त नेतृत्व में पूरी प्रदेश सरकार एकजुट व मजबूत है। भाजपा नेताओं के षड़यन्त्र व झूठ के पत्थर इस मजबूत सरकार को हिला भी नहीं सकते।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *