शिमला : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि भाजपा के प्रशिक्षण शिविर और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 18 से 20 जून मनाली, जिला कुल्लू में होना निश्चित हुई है। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता भाग लेंगे और के सभी वरिष्ठ नेतृत्व सहित भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विभिन्न मोर्चो के अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष व महामंत्री भाग ले रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे पण्डित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के अन्तर्गत प्रदेश में इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें संगठन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गम्भीरता से विचार विमर्श किया जाएगा और संगठनात्मक दृष्टि से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार ने दो वर्ष के अल्प समय में हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए है । बिना किसी भेदभाव के हिमाचल के चहुँमुखी विकास के लिए अनेक योजनाओं का कार्यान्वयन किया जा रहा है। योजनाओं का लाभ सही परिपेक्ष्य में आम जनता तक पहुंचे इस बावत भी कार्यकर्ताओं को इस प्रशिक्षण में प्रशिक्षित किया जाएगा।