मुख्यमंत्री ने लगाया केन्द्र सरकार पर झूठे वायदे करके देश की गरीब जनता के साथ छलावा करने का आरोप

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने केन्द्र सरकार द्वारा देश की गरीब जनता से झूठे वायदे करके उनके साथ छलावा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लुभावना प्रचार करके लोगों को थोड़ी देर के लिए तो फुसलाया जा सकता है परन्तु हकीकत यह है कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने थोड़े से समय में ही जनता का विश्वास खो दिया है।

मुख्यमंत्री आज नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी की अगुआई में लोकतंत्र बचाव मार्च में भाग लेने के उपरान्त मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस रैली में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उनके मंत्रीमंडल के सहयोगी विद्या स्टोक्स, कौल सिंह ठाकुर, जी.एस. बाली, सुजान सिंह पठानिया, ठाकुर सिंह भरमौरी, मुकेश अग्निहोत्री, प्रकाश चौधरी, कर्नल धनीराम शांडिल, हिमाचल कांगेस अध्यक्ष सुखविन्दर सिंह सुख्खू तथा अन्य निगमों व बोर्डों के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों तथा विधायकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में धर्म और जाति के नाम पर जो विघटनकारी राजनीति भाजपा द्वारा की जा रही है वह देश के लोकतंत्र तथा प्रजातंत्र के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति से देश का नाम अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बदनाम हो रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशों में दौरे व प्रचार करके देश में न तो निवेश बढ़ेगा और न ही विकास होगा। उन्होंने कहा कि देश के व्यापक हित में यह आवश्यक है कि जाति व क्षेत्रवाद जैसी संकीर्ण धाराणाओं से ऊपर उठ कर कार्य किया जाए ।

प्रदेश में विकास और राजनीतिक गतिविधियों पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश का संतुलित विकास हुआ है और सभी प्रदेशवासियों के जीवनस्तर में गुणात्मक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के कुछ नेता झूठे केस बनाकर मुझे तंग करने का प्रयास कर रहे हैं परन्तु उनके ये मन्सूबे कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि आज सरकार व पार्टी दोनों एकजुट होकर लोगों के हित में कार्य कर रहे हैं जिसका प्रमाण अभी हाल ही में हुए पंचायती राज और धर्मशाला में हुए नगर निगम चुनावों में कांग्रेस को मिली भारी विजय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी भी प्रकार की कोई गुटबंदी नहीं है और सभी एकजुट होकर प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *