प्रदेश के विभिन्न भागों में स्थापित होंगे सीएनजी स्टेशन: बाली

शिमला: राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के रोहतांग दर्रे पर पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर सीमित संख्या में वाहनों की आवाजाही के निर्णय के उपरांत दर्रे पर सीएनजी बसें चलाने की प्रदेश सरकार की कवायद को अन्तिम रुप दिया जा रहा है। यह जानकारी परिवहन मंत्री जी.एस. बाली ने नई दिल्ली में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के साथ आयोजित बैठक के उपरांत दी।

बाली ने कहा कि राज्य सरकार सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रोहतांग दर्रे पर पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों की सुविधा के लिये सी.एन.जी. बसें चलाने के लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय गैस प्राधिकरण प्राईवेट लिमिटेड (गेल) द्वारा ऊना जिले के टाहलीवाल तथा मनाली में सी.एन.जी. स्टेशन स्थापित किये जाने हैं जिसके लिये गेल ने 17.50 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश सरकार से मांगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इन स्टेशनों को स्थापित करने के लिये भूमि उपलब्ध करवा रही है और क्योंकि सीएनजी बसें प्रदेश के विभिन्न भागों ऊना, बिलासपुर, सुन्दरनगर, मण्डी तथा कुल्लू से होकर गुजरेगी, इसलिये इन सभी स्थानों पर सी.एन.जी. स्टेशन स्थापित किये जाएंगे।

परिवहन मंत्री ने कहा कि गेल के प्रस्ताव में कुछ खामियां हैं, जिसके पश्चात बैठक में निर्णय लिया गया कि गेल हिमाचल प्रदेश सरकार की मदद से इस सम्बन्ध में पुनः से बिजनेस मॉडल तैयार करेगा और टाहलीवाल तथा मनाली के साथ-साथ ऊना, बिलासपुर, सुन्दरनगर, मण्डी तथा कुल्लू में सी.एन.जी. स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। बैठक में हिमाचल प्रदेश परिवहन विभाग के सचिव आर.एन. बत्ता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *