सी.यू. के लिए 740.79 करोड़ रुपए मंज़ूर : अनुराग ठाकुर

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय जमीन दें, अंतर्राष्ट्रीय खेल मैदान बनाना मेरा काम : अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर ने परिषद को दिया नारा, इरादे नेक हो, दुनिया झुकती है, झुकाने वाला चाहिए

शिमला : भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने आज समरहिल विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने इस कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह गर्व का विषय है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भारत का सबसे बड़ा विद्यार्थी संघ है और मुझे गर्व है कि मैं पहली बार परिषद के कार्यक्रम में मुख्यातिथि बनकर आया हूं। उन्होंने कहा कि समरहिल और शिमला को एक अच्छे खेल मैदान की आवश्यकता है जिससे विद्यार्थियों की शारीरिक स्वस्थता रहती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय उनको जमीन दें और अंतर्राष्ट्रीय खेल मैदान बनाना उनका काम रहेगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में कांग्रेस सरकार ने जो काम नहीं किया वो केन्द्र में भाजपा सरकार ने केवल 2 वर्षों में कर दिखाया जिसमें पूरे भारत वर्ष में चहुंमुखी विकास हुआ है। अनुराग ठाकुर ने परिषद को नारा दिया इरादे नेक हो, दुनिया झुकती है, झुकाने वाला चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि एचपीसीए स्टेडियम में 2005 में पाकिस्तान पहली बार क्रिकेट खेलने आया था जिसकी कप्तानी इंजमाम उल हक कर रहे थे, तब मुख्यमंत्री ने कोई एतराज नहीं जताया, परन्तु इस बार भारत-पाक मैच पर राजनीति कर हिमाचल के पर्यटन और विकास पर रोक लगाई है। हिमाचल प्रदेश को इस मैच से 3300 करोड़ रू. की मुफ्त में पब्लिसिटी मिलनी थी जिससे पूरे विश्व के पर्यटक हिमाचल प्रदेश आने थे। उन्होनें कहा कि जब-2 कांग्रेस की सरकार प्रदेश में आई तब-2 प्रदेश में कोई विकास का कार्य नहीं हुआ, केवल खेलों पर राजनीति की गई और एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम को निशाना बनया गया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि शिमला की जनता पीलिया से ग्रस्त रही परन्तु मुख्यमंत्री ने कोई कड़े कदम नहीं उठाए। जो मुख्यमंत्री अपनी जनता को पीने का साफ पानी नहीं दे सकता वो जनता और प्रदेश का क्या ख्याल रखेगा। उन्होनें कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने हमेशा देश को जोड़ने का काम किया, परन्तु जिस प्रकार जेएनयू में माओवादी एवं कांग्रेस युवाओं ने देश का विभाजन करने की बात की और भारत माता की जय के उपर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया, ऐसे लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। जिस धरती पर हम पैदा हुए हैं उसका जयकारा लगाते हुए हमें गर्व महसूस होना चाहिए। उन्होनें कहा कि भाजपा की सरकार घोटालों से मीलों दूर है और विकास के बारे में सोचती है और धरातल पर उस पर कार्य करती है। आपने देखा कि 2जी घोटाला, जो कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था उसकी सच्चाई केवल भाजपा सरकार ने उजागर की और आज 49 प्रतिशत कोल आयात कम करके हिन्दुस्तान की जनता को कोयले की कमी नहीं आने दी। आज तक हिन्दुस्तान में 22,500 मैगावाट बिजली उत्पादन बढ़ चुका है। किसान बीमा योजना से एक साल के अंदर 50 प्रतिशत किसान इस बीमे का लाभ उठा लेंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि एलईडी बल्ब कांग्रेस कार्यकाल में 324 रू. की दर से मिलता था आज केन्द्र की भाजपा सरकार में सिर्फ 64 रू. में मिल रहा है इससे जनता को और पर्यावरण को अदभुत लाभ हो रहा है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *